नर्मदापुरम के सोहागपुर अनाज मंडी में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या के मामले में 24 घंटे बाद मृतक की शिनाख्त हो पाई। मृतक की पहचान आंचलखेड़ा के 28 के साल के पुनीत उर्फ पुन्नी पिता विजय तिवारी के रुप में हुई। मृतक पुनीत तिवारी की सोहागपुर में ससुराल थी। वर्तमान में वह बुधनी में रहकर पूजा-पाठ करता था। सोशल मीडिया पर वायरल मृतक की तस्वीर से पुलिस को परिजन को ढूंढने में आसानी हुई। सोमवार को परिजन ने सोहागपुर आकर शिनाख्त की। शिनाख्त के बाद पुलिस अब हत्या की वजह तलाशने में जुट गई है। रात तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने फिलहाल कुछ संदिग्ध लोगों को उठाया है। मंगलवार सुबह पुलिस प्रेस कांफ्रेंस कर हत्या का खुलासा कर सकती है। हत्या की वजह प्रेम से जुड़ा हो सकता है।

Join DV News Live on Telegram

थाने से कुछ दूरी पर अनाज मंडी परिसर में 27 नवंबर रविवार सुबह 10 बजे युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही सोहागपुर एसडीओपी मदनमोहन समर, थाना प्रभारी प्रवीण चौहान स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। सिर पर धारदार हथियार से हमले के चोट के निशान मिले। शरीर के अन्य हिस्से में भी चोटें थी। मौके पर करीब 100 फीट तक घसीटने और खून के निशान भी मिले। मृतक के गले में रूद्राक्ष की माला, जनेऊ, पैरों में रेड चीफ के जुत और जेब में नर्मदापुरम से सोहागपुर का टिकट मिला। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

एसडीओपी मदनमोहन समर ने बताया मृतक पुनीत तिवारी आंचलखेड़ा का रहने वाला था। बुधनी में रहकर काम करता है। दो साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। उसका 9 माह का बेटा भी है। सोहागपुर में उसकी ससुराल है। ससुराल पक्ष से जानकारी लेने पर पता चला कि वह घर नहीं आया था। हत्या में बड़ा सवाल है कि मृतक सोहागपुर क्यों आया, वह आया था तो ससुराल क्यों नहीं गया। एसडीओपी समर ने कहा कि मंगलवार को मामले का खुलासा करेंगे। मामले की जांच जारी है।