भोपाल-विदिशा रोड पर सोमवार देर रात सलामतपुर थाना क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। तीनों विदिशा के ही रहने वाले थे। तीनों ही पत्रकार थे और एक मृतक प्रेस क्लब का अध्यक्ष भी है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन युवक सोमवार रात बाइक पर भोपाल से विदिशा जा रहे थे। लांबाखेड़ा मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसकी वजह से बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान विदिशा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा और पत्रकार सुनील शर्मा के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में नरेंद्र दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। राजेश शर्मा, खरी फाटक रोड विदिशा और सुनील शर्मा, सिंधी कॉलोनी के निवासी थे। वहीं नरेंद्र दीक्षित आरएमपी नगर फेस 2 के रहने वाले थे। इन तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सांची अस्पताल भेजा गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Join DV News Live on Telegram

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जताया दुख

विदिशा में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा, विदिशा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा और पत्रकार साथी सुनील शर्मा एवं नरेंद्र दीक्षित के दुर्घटना में निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।