दिल्ली के निक्की यादव मर्डर केस में अब बड़े खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 9 फरवरी की शाम को शादी को लेकर निक्की और साहिल गहलोत का कार में झगड़ा हुआ था। बात इतनी बिगड़ गई कि गुस्साए साहिल ने कश्मीरी गेट स्थित ISBT पर मोबाइल चार्जर की केबल (तार) से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद 35 किमी दूर मित्रांव गांव पहुंचा।

Join DV News Live on Telegram

साहिल ने यहां अपने ढाबे के फ्रिज में निक्की का शव छिपा दिया। साहिल निक्की की लाश को ठिकाने लगा पाता, इससे पहले ही किसी ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने 10 फरवरी को ही यहां से लाश बरामद कर ली। घटना के दिन का निक्की का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह साहिल के घर जाती दिख रही है।

DCP क्राइम ब्रांच सतीश कुमार ने बताया कि साहिल की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। 10 फरवरी को शादी थी। यह बात निक्की को 9 फरवरी को पता चली। इसी दिन दोनों ने गोवा जाने का प्लान बनाया था, लेकिन साहिल ने जाने से इनकार कर दिया। फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ।

इसके बाद शाम को साहिल ने निक्की को बुलाया और दोनों कार से घूमने निकल गए। दोनों ISBT कश्मीरी गेट के पास पहुंचे। यहां फिर से उनका झगड़ा हुआ और गुस्साए साहिल ने कार में ही मोबाइल केबल से निक्की का गला घोंट दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद साहिल निक्की की लाश को लेकर दिल्ली की सड़कों पर घूमता रहा। फिर वह नजफगढ़ होते हुए अपने गांव मित्रांव पहुंचा। ISBT से यहां की दूरी करीब 35 किमी है। साहिल ने लाश यहां अपने ढाबे के फ्रिज में छुपा दी और घर चला गया। इसके बाद घरवालों के कहने पर 10 फरवरी को दूसरी लड़की से शादी कर ली।

साहिल उस वक्त फंस गया, जब किसी ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने साहिल के ढाबे के फ्रिज से निक्की की लाश 10 फरवरी को ही बरामद कर ली थी। साहिल का ढाबा गांव वाले घर से 700 मीटर की दूरी पर है। सूत्रों के मुताबिक शादी के बाद वह लाश को ठिकाने लगाने वाला था, लेकिन 14 फरवरी को पकड़ा गया।

निक्की के पिता को भी 3 दिन तक बहलाता रहा साहिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निक्की के पिता सुनील की शनिवार से बेटी से बात नहीं हुई तो उन्होंने बेटी की दोस्त को फोन किया। उससे पता चला कि निक्की बिंदापुर वाले घर पर नहीं है। उसे आखिरी बार साहिल के साथ देखा गया था। सुनील ने एक दोस्त से साहिल का नंबर लिया।