अडाणी ग्रुप आज से अमेरिका, लंदन और दुबई में रोड-शो करने जा रहा है। इसे ‘फिक्स्ड इनकम रोड-शो’ नाम दिया गया है। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी। इस वजह से अडाणी ग्रुप पर निवेशकों का भरोसा कम हो गया है।

Join DV News Live on Telegram

अब इन रोड-शो के जरिए अडाणी ग्रुप अपने निवेशकों का भरोसा वापस पाने की कोशिशों में जुटा है। रोड-शो के अलावा अडाणी ग्रुप निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए और भी कई तरह के प्रयास कर रहा है।

अडाणी ग्रुप के मैनेजमेंट के मेंबर्स और ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जुगशिंदर सिंह भी रोड-शो में शामिल होंगे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन, दुबई और अमेरिका के कई शहरों में यह रोड-शो 7 से 15 मार्च तक होंगे। ग्रुप को उम्मीद है कि इन रोड-शो के जरिए वो निवेशकों से मिल पाएंगे और कंपनी में निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा।

अडाणी ग्रुप ने सिंगापुर और हांगकांग में फिक्स्ड इनकम रोड-शो किया था, जो काफी सक्सेसफुल रहा था। इस रोड-शो के बाद निवेशकों का भरोसा काफी हद तक बहाल हुआ है। अब ये रोड-शो अन्य देशों में किया जा रहा है।

24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था। हालांकि, अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के सभी आरोपों को गलत बताया है।

अडाणी ग्रुप की मुश्किलें एक-एक करके कम हो रही हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज को शॉर्ट-टर्म एडिशनल सर्विलांस फ्रेमवर्क से बाहर निकाल दिया है। NSE ने यह राहत 6 मार्च को दी। NSE ने पिछले महीने 6 फरवरी को स्टॉक्समें हाई वोलैटिलिटी के चलते अडाणी एंटरप्राइजेज, अंबुजा सीमेंट्स और अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन को शॉर्ट टर्म एडीशनल सर्विलांस मेजर (ASM) में डाल दिया था। आपको बता दें कि अंबुजा सीमेंट्स और अडाणी पोर्ट्स को इस फ्रेमवर्क से पहले ही निकाल दिया था।