बीते कुछ दिनों से मणिपुर में हो रही हिंसा और गैंगरेप के विरोध में आम आदमी पार्टी मंगलवार को भोपाल में प्रदर्शन कर रही है। ज्योति टॉकीज चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र और मणिपुर की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आप की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा, ‘मोदी सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही है। मणिपुर में 83 दिन से हिंसा हो रही। घर – स्कूल जलाए जा रहे हैं। महिलाओं के साथ घटनाओं से पूरा देश शर्मसार है। जिन प्रदेशों में चुनाव हैं, वहां मोदी जी दो-दो बार जा चुके हैं, लेकिन मणिपुर में बहन की उनको याद नहीं आ रही। पीएम एक शब्द नहीं बोल रहे। जो उनके खिलाफ बोलता है, उसे संसद से बर्खास्त कर दिया जाता है।’

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा, ‘मणिपुर हिंसा और महिलाओं के साथ हुई शर्मनाक पर सबसे बड़ा सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर है। भाजपा बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। मध्यप्रदेश में भी लगातार महिला अपराध बढ़ रहा है।’ वही आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर भी इस प्रदर्शन में शामिल हुई।