सीएम शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार दोपहर लहार पहुंचे। मुख्यमंत्री दोपहर में लहार के भाटनताल मैदान पर लाड़ली बहना महिला सम्मेलन में लोगों को संबोधित किया। इसमें सीएम ने कहा कि गोविंद सिंह के अन्याय और आतंक को जनता जलाकर राख कर देगी। संबोधन से पहले सीएम ने 700 करोड़ की योजनाओं का ई शिलान्यास और भूमिपूजन किया।

इससे पहले जनदर्शन कार्यक्रम में जनता से संवाद कर आशीर्वाद लिया। दोनों नेता नगर में रोड शो किया। जनदर्शन कार्यक्रम पहले पचपेड़ा से प्रारंभ होना था। अचानक इसमें बदलाव किया गया। सीएम ने मैथिलीशरण गुप्त चौराहे से इसकी शुरुआत की। रास्ते में महिलाओं ने सीएम को राखी बांधी। लहार पहुंचने पर हैलीपेड पर सहकारिता मंत्री अरविन्द भदौरिया, मंत्री ओपीएस भदौरिया, भिण्ड जिला प्रभारी जयप्रकाश राजौरिया, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा, पूर्व विधयाक रसाल सिंह, कमिश्नर दीपक सिंह, ADG सुशांत सक्सेना, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, एसपी मनीष खत्री ने दोनों नेताओं की अगवानी की।

गोविन्द सिंह बोले- झूठी घोषणाएं नहीं करें

उनके आने से पहले मप्र के नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक डॉ.गोविन्द सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री जी का लहार आगमन पर स्वागत है। वह हर जगह की तरह लहार में झूठी घोषणाएं न करें। मैं उनसे निवेदन करता हूं कि लहार में झूठे शिलान्यास और भूमिपूजन न करें।