‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भोपाल में सोमवार को करीब 25 किमी लंबी तिरंगा यात्रा निकली। दोपहर 12 बजे तिरंगा यात्रा कोलार रोड के मदर टेरेसा स्कूल के पास से शुरू हुई। जो बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) पहुंचकर खत्म हुई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक और कार से युवा शामिल हुए। देशभक्ति गानों में लोग झूमते दिखे।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। तिरंगा यात्रा मदर टेरेसा स्कूल मुखर्जी नगर कोलार से शुरू होकर भोपाल के अलग-अलग चौक-चौराहों से होती हुई संत हिरदाराम नगर पहुंची। करीब 500 से अधिक स्थानों पर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत हुआ।

तिरंगा यात्रा बैरागढ़ चिचली कोलार, डी-मार्ट चौराहा, ललिता नगर, बीमाकुंज, सर्व-धर्म कोलार, चूनाभट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ चौराहा, नानके तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा, विवेकानंद चौराहा (पॉलिटेक्निक चौराहा), राजा भोज सेतु, वीआईपी रोड, लालघाटी , हलालपुर बस स्टैंड से होते हुए संत हिरदाराम नगर, दीनदयाल उपमंडी भैंसाखेड़ी पहुंची।

आकर्षण का केंद्र रहा वेशभूषा

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले युवाओं ने विशेष तैयारियां करके पहुंचे थे। साफे के साथ कुर्ता-पजामा, तिरंगे रंग के दुपट्टे, तिरंगा पगड़ी यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहा।

मोदी सरकार ने तिरंगे को आम आदमी के घर तक पहुंचाया

तिरंगा यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि, मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत अब एक हुआ है। वहीं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश का आर्थिक विकास भी द्रुत गति से दौड़ रहा है। संपूर्ण विश्व में भारतवंशियों का मान बढ़ा है।