गांधी जयंती पर राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर चलाया स्वच्छता अभियान

सिवनी मालवा में 2 अक्टूबर राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की जयंती पर नगर पालिका की ओर से स्थानीय गांधी चौक पर पहुंचकर राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रीतेश जैन ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर हमारे ओर से उनको नमन किया गया है, वहीं स्वच्छता अभियान का आयोजन शिवराज पार्क में किया गया।

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष व नगर पालिका के सभी कर्मचारी और पार्षदगण शिवराज पार्क पहुंचे। जहां नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से शहीद गैलरी में स्थित सभी शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

इस अवसर पर नपाध्यक्ष रीतेश जैन ने कहा की आजादी के अमृत महोत्सव काल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाना देशवासियों के लिए ऊर्जा का स्रोत है आजादी के लिए उन लोगों का योगदान कभी चुकाया नही जा सकता। देश उनका सदैव ऋणी रहेगा।

भाजपा नेता रघुवीर राजपूत ने कहा की ने कहा कि महात्मा गांधी सादगी की मिसाल थे और देश को एक सूत्र में बांधने का काम किए। राष्ट्र पिता की उपाधि उनके कीर्तिमान को परिलक्षित करता है, उनके सिद्धांत हमारे लिए अनुकरणीय हैं।वहीं नगर पालिका के कर्मचारी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से शिवराज पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें कचरा साफ करने से अधिक अधिकांश कर्मचारी व कार्यकर्त्ता फोटो खिचवाते दिखाई दिए।