बैंकॉक से म्युनिख जा रही लुफ्थांसा की एक फ्लाइट LH 772 की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। विमान में मौजूद एक दंपति के झगड़े की वजह से इसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। न्यूज के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीछ झगड़ा क्यों हुए इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

फ्लाइट ने पहले पाकिस्तान में उतरने की इजाजत मांगी थी, लेकिन पाकिस्तान ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद वो दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले बहस हो रही थी, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। इसके बाद विमान के क्रू मेंबर्स ने इसे डायवर्ट करने का फैसला लिया।

पत्नी ने विमान के पायलट से की थी पति की शिकायत

फ्लाइट सुबह करीब 10:26 पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मनी की एक शख्स का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। पत्नी थाईलैंड की रहने वाली है। महिला ने विमान के पायलट से भी पति के बुरे व्यवहार की शिकायत करते हुए हस्तक्षेप की मांग की थी। उसने कहा था कि उसका पति धमकियां दे रहा है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट में लड़ रहे व्यक्ति को उतारकर उसे एयरपोर्ट सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया। हालांकि, इस मामले में अब तक लुफ्थांसा एयरलाइन की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। विमान में मौजूद बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट में झगड़ा कर रहा पति नशे की हालत में था।

बेंगलुरु के पैसेंजर ने क्रू मेंबर से की थी बदतमीजी

इससे पहले 20 नवंबर को भी फ्लाइट में जयपुर से बेंगलुरु जा रही एक फ्लाइट में पैसेंजर ने क्रू से बदतमीजी की थी, जिसके बाद बंगलुरु पहुंचने पर पैसेंजर को गिरफ्तार कर लिया गया था। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया था कि 32 साल का शख्स नशे में था और कई बार चेतावनी देने के बाद भी शांत नहीं हुआ था। हालांकि, बाद में उसे जमानत मिल गई थी।