एअर इंडिया की दिल्ली-पुणे फ्लाइट में लगातार दो दिन पायलट के देर से पहुंचने का मामला सामने आया है। सोमवार 25 सितंबर को पायलट के इंतजार में फ्लाइट नंबर AI853 दो घंटे तक रनवे पर खड़ी रही। इस फ्लाइट में 100 से ज्यादा पैसेंजर सवार थे।

यही फ्लाइट अगले दिन मंगलवार 26 सितंबर को पायलट के कारण चार घंटे लेट रही। पैसेंजर्स​​​​​ ​एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग पर इंतजार करते रहे। लोगों ने जब हंगामा शुरू किया तो एयरलाइन कंपनी के स्टाफ ने देरी के पीछे ऑपरेशनल प्रॉब्ल्म्स का हवाला दिया।

सूत्रों ने बताया कि ड्यूटी टाइम पूरा होने के कारण पायलट फ्लाइट छोड़कर चले गए थे। इसके कारण पैसेंजर्स में काफी आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को दिल्ली से पुणे जा रहे पैसेंजर्स ने बताया कि फ्लाइट में कई बच्चे और बुजुर्ग बैठे थे। सबका दम घुट रहा था।

7:10 की फ्लाइट 11:15 बजे दिल्ली से रवाना हुई

यात्रियों ने बताया कि दिल्ली-पुणे फ्लाइट शाम 7:10 बजे टेक ऑफ करती है। इसके पुणे पहुंचने का समय 9:10 है। हालांकि, सोमवार को यह फ्लाइट रात 9 बजे दिल्ली से रवाना हुई। 11 बजे सभी यात्री पुणे पहुंचे।

वहीं मंगलवार को विमान के पायलट रात 10:30 बजे ड्यूटी पर पहुंचे। फिर 11:15 बजे विमान पुणे के लिए रवाना हुई। इस दौरान लोग ई-मेल और वॉट्सऐप के जरिए लगातार एयरलाइन कंपनी से संपर्क साधने की कोशिश करते रहे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई

दिल्ली-पुणे फ्लाइट के कई यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एअर इंडिया के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। नीरज शुक्ला ने 25 सितंबर को लिखा- हम लोग एक घंटे से फ्लाइट में बैठे हैं, क्योंकि आपका पायलट समय पर नहीं पहुंचा है। किसी भी स्टाफ को इसका कारण नहीं पता है। ऐसा लग रहा है जैसे दम घोंटने वाले माहौल में अपहरण कर लिया गया हो।