भोपाल: जिस गांधी परिवार ने देश और देश की जनता को ठगा है अब उसी गांधी परिवार को कमलनाथ ठग रहे हैं। कमलनाथ ने 2018 में राहुल गांधी से ढेरों घोषणाएं करवाई थीं। सरकार बनने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। अब वही कमलनाथ, प्रियंका गांधी से झूठ बुलवाकर उन्हें ठग रहे हैं। ये कांग्रेस की कंफ्यूज करो और वोट लो की नीति है, लेकिन मध्य प्रदेश की पब्लिक है सब जानती है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की नीति और नीयत का खुलासा करते हुए कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मीडिया के साथियों से चर्चा करते हुए का कि कल कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी मंडला आई थीं। कमलनाथ ने वहां पर प्रियंका से जो घोषणाएं करवाई हैं, मैंने वह वीडियो देखा है। वे कई घोषणाएं कर बैठ गईं, तो कमलनाथ बोले कि एक और घोषणा कर दो। वोट के लिए इस तरह से झूठ बुलवाना कमलनाथ की आदत है। पिछले चुनाव में भी राहुल गांधी से झूठी घोषणा करवा दी थी कि 10 दिन में कर्जा माफ नहीं तो 11 वें दिन मुख्यमंत्री बदल देंगे, लेकिन कर्ज माफ नहीं किया।

“कमलनाथ ने वचन नहीं निभाए, उलटे…”

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस का पुराना घोषणा पत्र देख लें। वचन पत्र में कई वचन थे। उन्होंने कहा था बच्चों को गणवेश, पाठ्य पुस्तक, अन्य पठन की उच्च कोटि की सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराएंगे। वादा तो यह किया, लेकिन मामा (शिवराज सिंह चौहान) जो लैपटॉप दे रहा था, वो वह देना बंद कर दिया। साइकिलें देना बंद कर दीं, मेधावी विद्यार्थी योजना ठंडे बस्ते में डाल दी। बच्चों की फीस तक छीन ली, फीस तक नहीं भरवाई, अब कह रहे हैं निःशुल्क शिक्षा देंगे।