गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के कैंडिडेट कंचन जरीवाला बुधवार को नॉमिनेशन वापस लेने पहुंचे। AAP के सीएम कैंडिडेट इसुदान गढ़वी ने कहा कि कंचन जरीवाला मंगलवार शाम से गायब हैं। गढ़वी का आरोप है कि जरीवाला को परिवार समेत भाजपा के गुंडों ने अगवा कर लिया है।

अरविंद केजरीवाल का दावा- कंचन का नामांकन स्वीकार हो गया है

AAP के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है, “सूरत से हमारे प्रत्याशी कंचन जरीवाला और उनका परिवार कल से लापता है। पहले भाजपा ने उनका नामांकन रद्द कराने की कोशिश की। लेकिन, उनका नामांकन स्वीकार कर लिया गया। बाद में उन पर नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। क्या उनका अपहरण कर लिया गया है?”

AAP के CM कैंडिडेट बोले- डरी हुई भाजपा गुंडागर्दी पर उतरी

इसुदान गढ़वी ने कहा कि सूरत-ईस्ट से कांग्रेस ने असलम साइकिलवाला तो बीजेपी ने मौजूदा विधायक अरविंद राणा को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से कंचन जरीवाला कैंडिडेट हैं। ऐसे में अगर कंचन जरीवाला को 10 से 15 हजार वोट भी मिल जाते हैं तो भाजपा के लिए यह सीट जीतना मुश्किल होगा। इसीलिए भाजपा अब साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपना रही है। कंचन को भाजपा के गुंडों ने अगवा कर लिया है।

जाम खम्भालिया सीट से मैदान में इसुदान गढ़वी

आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार इसुदान गढ़वी खंभालिया सीट से चुनाव लड़ेंगे। जाम खम्भालिया सीट के लिए वोटिंग पहले चरण में 1 दिसंबर को होगी। आम आदमी पार्टी के अनुसार इसुदान गढ़वी को गुजरात के 73% लोगों ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पसंद किया है।

150 करोड़ का घोटाला उजागर करने के बाद आए थे चर्चा में

न्यूज चैनल में काम करने के दौरान गढ़वी ने डांग और कपरादा जिले में वृक्षों की कटाई से संबंधित एक रिपोर्ट पेश की थी। इस मामले में करीब 150 करोड़ रुपए का घोटाला उजागर हुआ था, इसके बाद से मीडिया जगत में गढ़वी का नाम चर्चा में आ गया था। उनकी रिपोर्ट के बाद सरकार को भी एक्शन लेना पड़ा था।