सलकनपुर देवी धाम से चोरी हुई नोटों से भरी दो बोरी तो पुलिस ने जब्त कर ली है, बाकी दो बोरियों का शुक्रवार को भी पता नहीं चल पाया। दिनभर जंगल में इसके लिए सर्च चलती रही। अब इस मामले में नया पेंच सामने आ गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों का कहना है कि दो बोरियां फट गई थीं, तो उन्होंने चारों बोरियों के नोटों को दो बोरियों में शिफ्ट कर लिया था।

वहीं एक दिन पहले यानी गुरुवार को आरोपी कह रहे थे कि दो बोरियां कहां छिपाई, उन्हें याद नहीं है। आरोपी अलग-अलग कहानियां सुना रहे हैं। देवी धाम के स्ट्रॉन्ग रूम से आरोपियों ने नोटों से भरी 6 बोरियां चोरी की थीं। इसके बाद चोर दो बोरियों को तो छोड़ गए थे, लेकिन चार को अपने साथ ले गए थे। इनमें से दो बोरियां गुरुवार को पुलिस ने जब्त कर ली थी। कांग्रेस ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

आरोपियों के बयान के बाद पुलिस ने दोनों बोरियों का वजन किया, तो एक बोरी 22 किलो और दूसरी 23 किलो की निकली। गिनती की तो एक में 5 लाख 11 लाख 384 रुपए और दूसरी में 5 लाख 17 हजार रुपए निकले। एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि आरोपियों ने दो बड़ी बोरियों में नोट भरे थे। इनका वजन 45 किग्रा निकला। इनमें से 10 लाख 28 हजार 384 रुपए जब्त किए गए हैं।

Join DV News Live on Telegram

एसडीओपी शशांक गुर्जर ने बताया कि आरोपी अनिल खरे और शुभम से पूछताछ की गई है। दोनों कभी रसोई के कारण रिश्तेदार राहुल राठौर के घर आने की बात कर रहे हैं, तो कभी सामान्य तौर पर मिलने की बात कर रहे हैं। पुलिस ने उनके बयानों को क्रॉस चेक किया तो पता चला कि डेढ़ साल से दोनों आरोपी कभी गांव मिलने नहीं आए थे। शुक्रवार को इनको कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 22 नवंबर तक की रिमांड पर सौंपा है।