नर्मदापुरम से 5 किमी दूर रायपुर गांव में 22 साल के युवक ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच की है। मृतक अमन खरे की 6 फरवरी सोमवार को भोपाल में पेशी थी। लेकिन कुछ घंटे पहले रात 1.30बजे कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

परिजन ने फंदे से उसे उतारा और देखा। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम किया।

Join DV News Live on Telegram

पुलिस के मुताबिक मृतक अमन पिता आत्माराम खरे (22) निवासी ग्राम रायपुर है। उसके पिता आत्माराम कलेक्ट्रेट में प्यून के पद पर पदस्थ है। परिजन ने पुलिस को बताया कि मृतक की 2020 में शादी हुई। कुछ महीने बाद पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा दिया। 6 फरवरी को भोपाल कोर्ट में पेशी थी। जिसे लेकर रविवार रात को पेशी पर जाने को लेकर बातचीत हुई।

रात 10 बजे खाना खाकर अमन अपने कमरे में सो गया। परिजन का कहना है कि अमन रोजाना कुलर चलाकर सोता है, रात करीब 1.30 बजे कुलर की आवाज नहीं आ रही थी, तो मैंने कमरे में जाकर देखा। जहां बेटा फांसी के फंदे पर लटका दिखा। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को उठाया और तुरंत उसे फंदे पर उतार लिया। लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। एसआई कमलेश ठाकुर ने बताया सोमवार को दहेज प्रताड़ना के केस में उसकी पेशी थी। मृतक शराब भी पीता था। सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद कारण स्पष्ट होगा।