गुजरात के मोरबी में रविवार शाम हुए ब्रिज हादसे का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें कई लोग पुल के टूटे हिस्से में बंधी रस्सियों के सहारे लटके नजर आरहे है और कुछ लोग नदी के पानी में डूबने हुए दिखाई दे रहे है। चारों तरफ मदद के लिए चीख-पुकार मची हुई है।

30 अक्टूबर की शाम हुए पुल हादसे में अब तक एक सौ पैंतीस शव बरामद हुए हैं। 125 लोगों की टीम और 12 नावों के साथ गोताखोर तलाशी कर रहे हैं। आज राज्य में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

पुल हादसे में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक ओरेवा कंपनी का एक मैनेजर दीपक पारेख है। उसने कोर्ट में कहा कि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, ये भगवान की इच्छा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मोरबी में पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने सिविल अस्पताल में घायलों का हाल जाना। इसके बाद वे अपनों को खोने वाले परिवारों से SP ऑफिस में मिले। प्रधानमंत्री ने यहां अफसरों के साथ बैठक भी की। मोरबी आते ही PM ने सबसे पहले घटनास्थल पहुंचकर मच्छू नदी पर टूटे ब्रिज का मुआयना किया।