जिले के जल पर्यटन केंद्र और मध्य प्रदेश के सेंटोसा कहे जाने वाले हनुवंतिया टापू पर सातवें जल महोत्सव का शुभारंभ एक दिन आगे बढ़ गया है। करीब दो माह चलने वाले जल महोत्सव का शुभारंभ 29 नवंबर को पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर करेंगी। इस प्रस्तावित कार्यक्रम की प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी शुरू हो चुकी है।

टापू पर 104 स्विस टेंट की सिटी सहित रोमांच और साहसिक जल गतिविधियां महोत्सव का आकर्षण रहेंगी। हनुवंतिया के सामने ही स्थित बोरियामाल टापू पर पर्यटक नाइट सफारी भी कर सकेंगे। जल महोत्सव में देश ही नहीं विदेश से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आएंगे।

Join DV News Live on Telegram

नर्मदा नदी पर बने इंदिरा सागर बांध के बैकवाटर में स्थित हनुवंतिया टापू पर जल महोत्सव की तैयारी लगभग अंतिम चरण में है। पर्यटकों के लिए व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के सातों काटेज बुक हो चुके हैं। बोट क्लब पर पर्यटक बोटिंग का आनंद उठा जा सकेंगे।

हनुवंतिया में जल महोत्सव के लिए इंवेट कंपनी द्वारा सौ से अधिक टेंट की सिटी तैयार की जा रही है। सर्वसुविधायुक्त टेंट में पर्यटक ठहर सकेंगे। दो माह के जल महोत्सव का आकर्षण देश ही नहीं विदेशों तक है। इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आकर साहसिक जल गतिविधियां और खेलों के अलावा मनोरजंक गतिविधियों का आनंद लेंगे।

इसके अलावा लग्जरी रीगल सीरीज बोट, 40 फीट हाई रोप स्विंग और जिप साइकल पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे। एडवेंचर गतिविधियां पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, स्पीड बोट, जेट स्काई, मोटर बोट राइडिंग, हाट एयर बैलूनिंग, साइकिलिंग, क्रू बोटिंग,आइलैंड कैम्पिंग, स्टार गेजिंग, बर्ड वाचिंग आदि का भी आनंद ले सकेंगे।

हनुवंतिया जल महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को होगा। पहले मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित था। इसे देखते हुए आवश्यक तैयारी, हेलीपेड और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है।