नर्मदापुरम के केसला ब्लॉक फायरिंग रेंज के जंगल में मधुमक्खियों के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हमले में महिला के पति घायल हो गए। उन्होंने रेत में लेटकर खुद को बचाया।

Join DV News Live on Telegram

घटना 13 मार्च की सुबह 10 से 11 बजे के बीच फायरिंग रेंज छिंदापानी के जंगल की है। रात 11 बजे केसला थाने सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

एसआई एमएल सूर्यवंशी के मुताबिक मृतका बिजली बाई पति लक्ष्मण बारसे (60) निवासी सीपी गेट के पास चारटेकरा है। जंगल में महुआ बीनने का सीजन शुरू हो चुका है।

चारटेकरा के बुजुर्ग लक्ष्मण बारसे अपनी पत्नी बिजली बाई के साथ सोमवार सुबह फायरिंग रेंज में छिंदापानी के पास महुआ बीनने के लिए पेड़ के आसपास सफाई करने गए। सफाई के बाद उन्होंने कचरा जलाया। धुआं होने से पेड़ में लगी मधुमक्खियां भड़क गई और दंपती पर हमला कर दिया।

लक्ष्मण बारसे ने थोड़ी दूर स्थित नदी पर भागकर रेत में छिप गए, जिससे उनकी जान बच गई। महिला को चलने में तकलीफ थी, जिससे वे भाग नहीं पाई और मधुमक्खियों के काटने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

दोपहर 3 बजे तक दंपती के घर नहीं आने पर उनका बेटा उन्हें ढूंढने जंगल पहुंचा। पिता रेत के पास बैठे मिले। फिर वे महुआ के पेड़ के पास पहुंचे। बुजुर्ग मृत हालत में मिली। महिला को अस्पताल लेकर आएं। डॉक्टर ने मृत घोषित किया। पुलिस ने मर्ग कायम किया।