हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा पर बजरंग दल ने भोपाल में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा- धार्मिक यात्राओं पर हमले हो रहे हैं, सरकार आरोपियों को फांसी दे। नूंह हिंसा पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बजरंग दल को घेरा है। उन्होंने राहुल गांधी के ट्वीट को रीट्वीट कर लिखा- अब बजरंग दल पूरे देश में इस नफरत की आग को फैलाने की साजिश कर रहा है। इसका मुकाबला केवल ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलकर ही हो सकता है। एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने पूछा- हथियार कहां से आए? क्या हथियार लेकर जुलूस निकालना वैधानिक है? मध्यप्रदेश के स्व. भूतपूर्व मुख्यमंत्री द्वारिका प्रसाद मिश्रा कहते थे कि सांप्रदायिक दंगा तभी होता है, जब मुख्यमंत्री चाहता है।

बजरंग दल ने तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन

भोपाल में बजरंग दल के कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय में तख्तियां लेकर पहुंचे। बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक सुशील सुंडेले ने कहा, देश विरोधी विधर्मियों ने हरियाणा में महिलाओं पर हमला किया। ऐसे देश विरोधी विधर्मियों पर सरकार को तत्काल कार्रवाई करना चाहिए। उन्होंने कहा, घटना के पीछे जो भी आरोपी हैं, केंद्र और राज्य सरकार उन्हें फांसी के फंदे पर लटकाए।

कमलनाथ का ट्वीट, भाजपा ने देश को हिंसक आग में झोंका

नूंह हिंसा पर MP कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा, भाजपा और उसके संगी-साथी सामाजिक सोच को हिंसक बनाने की चाहे जितनी कोशिश कर लें, देश के हृदय में कांग्रेस का दिया ‘अहिंसा और भाईचारे का सिद्धांत’ हमेशा धड़कता रहता है। हिंसक लोग कुछ समय के लिए लोगों को भटका तो सकते हैं, लेकिन छल का छलावा एक-न-एक दिन धुंध की तरह मिट ही जाता है।

उन्होंने आगे लिखा, भाजपा देश को हिंसा में झोंककर नैतिक रूप से पहले ही पराजित हो गई है। भाजपा याद रखे कि नैतिक हार आखिरकार राजनीतिक हार की ओर ही ले जाती है। ऐसी विध्वंसकारी ताकतें ‘अमृतकाल’ का नाम इसलिए लेती हैं, क्योंकि वे अपने कुकृत्यों की वजह से खुद अमर नहीं हो सकती हैं।