Chandrayaan 3 Mission Sleep Mode: भारत के चंद्रयान-3 मिशन का विक्रम लैंडर स्लीप मोड में चला गया है. इसरो (ISRO) ने सोमवार (4 सितंबर) को ये जानकारी दी. स्पेस एजेंसी ने साथ ही बताया कि इसकी अब 22 सितंबर के आसपास एक्टिव होने की उम्मीद है.

इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर लगभग सुबह 8:00 बजे स्लीप मोड में सेट हो गया. इससे पहले ChaSTE, रंभा-एलपी और आईएलएसए पेलोड ने नई जगह पर इन-सीटू प्रयोग किए. इन्होंने जो डेटा जुटाया वो पृथ्वी पर आता रहा.”

पेलोड किए गए बंद

भारतीय स्पेस एजेंसी ने आगे कहा, “पेलोड अब बंद कर दिए गए हैं. लैंडर रिसीवर चालू रखे गए हैं. सौर ऊर्जा खत्म हो जाने और बैटरी खत्म हो जाने पर विक्रम, प्रज्ञान के बगल में सो जाएगा. 22 सितंबर, 2023 के आसपास उनके फिर से जागने की उम्मीद है.”

लैंडर ने फिर सफलतापूर्वक की सॉफ्ट लैंडिंग

इससे पहले इसरो ने बताया था कि विक्रम लैंडर ने सोमवार को चंद्रमा की सतह पर एक बार फिर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की. इसरो ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “विक्रम ने एक बार फिर चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग की. विक्रम लैंडर अपने उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में और आगे बढ़ा.”

करीब 40 सेंटीमीटर तक खुद को ऊपर उठाया

अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा, “ये उम्मीद भरे एक प्रयोग से सफलतापूर्वक गुजरा. कमांड मिलने पर इसने इंजनों को फायर किया. अनुमान के मुताबिक करीब 40 सेंटीमीटर तक खुद को ऊपर उठाया और आगे करीब 30-40 सेंटीमीटर की दूरी पर सुरक्षित लैंड किया. इस प्रक्रिया से भविष्य में सैंपल वापसी और चंद्रमा पर मानव अभियान को लेकर आशाएं बढ़ गई हैं.”